बंगलुरु में एक और नित्यानंद बेनकाब हुआ है। नित्यानंद शेट्टी उर्फ नित्यानंद पुजारी ने ज्योतिषी बन कर 100 से ज्यादा लोगों को करीब 50 लाख रुपए की चपत लगाई। उसने 6 शादियां की और अय्याशी करने के बाद सभी को छोड़ दिया। अब उसे जेल भेज दिया गया है।
बंगलुरु में ही कुछ समय पूर्व 'स्वामी' नित्यानंद की करतूतों का भांडाफोड़ हुआ था, जब एक अभिनेत्री के साथ आपत्तिजनक अवस्था में उनके वीडियो सार्वजनिक हुए थे। हालांकि वह खुद को पाक-साफ बता रहे हैं।
नित्यानंद पुजारी खास कर उन धनी परिवारों को निशाना बनाता था, जिनके बच्चे पढ़ाई में कमजोर हैं। वह उन्हें आश्वासन देता था कि उसके पास ऐसी विद्या है, जिसके बाद बच्चा क्लास में अव्वल आने लगेगा। वह इसके लिए विशेष पूजा करने के नाम पर परिवारों को फंसाने का काम करता था।
जब पूजा असफल होती थी, तो वह उन परिवारों को कुछ दूसरे उपाय सुझाता था। साथ ही वह फाइनेंसरों से इन परिवारों को लोन भी दिलवाता था, जिसके एवज में वह लंबा कमीशन वसूलता था। इस धन से वह अय्याशी का जीवन जीता था। इस बाबा ने वसूला गया पूरा धन जुए, ताश और घुड़दौड़ में लगा दिया। उसने मंगलोर, बंगलुरु, और केरल के चरमडी और कसारगोड की 6 युवतियों से शादी की। उसने इसके एवज में उनके परिवारों को अच्छी खासी रकम दी। लेकिन कुछ दिन ऐश करने के बाद उसने सभी को छोड़ दिया।
पुलिस ने उसे बंगलुरु के चामराजपेठ के निवासी मधुसुदन की शिकायत पर गिरफ्तार किया। मधुसुदन को उसने 3.4 लाख रुपयों का चूना लगाया था। मधुसुदन को उसने आश्वासन दिया कि उसे कई लाख का लोन मिल जाएगा और इसके एवज में बतौर कमीशन उसने 3.4 लाख रुपए लिए। लेकिन पीड़ित व्यक्ति को कभी लोन नहीं मिला। नित्यानंद ने वित्तीय समस्याओं से उबारने के लिए उसके घर में पूजा भी की। .
चामराजपेठ थाने के इंस्पेक्टर बीजी रत्नाकर ने कहा कि नित्यानंद के खिलाफ मंगलोर, मैसूर सहित कई स्थानों पर मामले दर्ज हैं, लेकिन वह फरार था। पुलिस ने उसके पास से 1.15 लाख रुपए नगद बरामद किए हैं।
No comments:
Post a Comment