
लाहौर. मुंबई में आतंकी हमले के मास्टरमाइंड और जमात उद दावा के प्रमुख हाफिज मुहम्मद सईद का दुस्साहस इतना बढ़ गया है कि उसने भारत को युद्ध के लिए तैयार रहने की चेतावनी दे डाली है। यह चेतावनी उसने पाकिस्तान में कश्मीर एकता दिवस के मौके पर दी। उसने कहा कि इसके लिए उसकी तैयारी पूरी है।
लाहौर के मुख्य मार्ग द मॉल पर करीब 20 हजार समर्थकों की रैली में सईद ने शनिवार को कहा, ‘मैं मनमोहन सिंह को एक संदेश देना चाहता हूं। कश्मीर छोड़ दें या युद्ध झेलने को तैयार रहें।’ उसने इसे ही कश्मीर समस्या का हल बताया।सईद के दुस्साहस भरे शब्दों के साथ ही उसके समर्थकों ने नारे लगाए, ’कश्मीर हमारा है’, ‘कश्मीर की आजादी तक जंग रहेगी, जंग रहेगी।’
आतंकी सरगना ने कहा, ‘अगर कश्मीर को आजादी नहीं मिली तो हम पूरे कश्मीर पर कब्जा कर लेंगे, हम गजवा-ए-हिंद (भारत से युद्ध) शुरू कर देंगे, इसके लिए हमारी पूरी तैयारी है।’प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्करे तैयबा के संस्थापक सईद ने दावा किया कि 80 हजार भारतीय सैनिकों को कश्मीर में अत्याचारों के लिए दोषी ठहराया जाएगा। उसने कहा कि ‘कश्मीर समस्या का हल करीब है और यह साल बहुत महत्वपूर्ण है। इस साल जैसे ही अमेरिका इराक और अफगानिस्तान से जाएगा हम कश्मीर पर कब्जा कर लेंगे।’हाफिज सईद को 2008 में मुंबई पर हुए आतंकी हमले के सिलसिले में करीब छह महीने तक जेल में रखा गया था।
इस धौंस के बावजूद सईद ने दावा किया कि उसका ‘संगठन न तो आतंकी है न ही आत्मघाती हमलावर तैयार करता है। हम सिर्फ कश्मीर की आजादी के लिए लड़ रहे हैं।’ उसने कहा, अगर मिस्र के लोग सड़कों पर आ सकते हैं तो भारत और पाकिस्तान के लोग भी सड़कों पर आ सकते हैं। उसने आरोप लगाया कि भारत अमेरिका की मदद से बलूचिस्तान पर कब्जा करना चाहता है। उसने पाकिस्तान की वर्तमान सरकार पर भी भारत के दबाव में काम करने का आरोप लगाया।
आधे घंटे में आतंकी हमलावर तैयार: पाक तालिबान के सरगना कारी हुसैन ने दावा किया है कि वह आधे घंटे में किसी भी युवा को आत्मघाती हमलावर बना सकता है। अमेरिकी विदेश विभाग ने पिछले हफ्ते ही कारी को आतंकियों की सूची में शामिल किया है। कारी ने बताया कि उसके फिदायीन दस्ते में पांच हजार युवा हैं। इनमें बच्चे भी शामिल हैं।
No comments:
Post a Comment