Showing posts with label AAP. Show all posts
Showing posts with label AAP. Show all posts

Wednesday, June 17, 2015

केजरीवाल समेत 'आप' के 21 विधायकों पर चार्जशीट की तैयारी में दिल्‍ली पुलिस !


 केजरीवाल समेत 'आप' के 21 विधायकों पर चार्जशीट की तैयारी में दिल्‍ली पुलिस !
सत्‍तारुढ़ आम आदमी पार्टी और दिल्‍ली पुलिस के बीच जारी खींचतान के बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि दिल्‍ली पुलिस जल्‍द ही "आप" के 21 विधायकों के खिलाफ दर्ज 24 क्रिमिनल केसों में चार्जशीट फाइल करने जा रही है। पार्टी के जिन 21 विधायकों के खिलाफ मामले दर्ज हैं, उनमें खुद पार्टी मुखिया और दिल्‍ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, डिप्‍टी सीएम मनीष सिसोदिया और मंत्री सतेंद्र जैन भी शामिल हैं।

यह हैं विधायक
अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सतेंद्र जैन, जरनैल सिंह, अखिलेश त्रिपाठी, गुलाब सिंह, रघुवीर शौकीन, संजीव झा, राकेश गुप्‍ता, राखी बिड़लान, रितुराज, वेद प्रकाश, मनोज कुमार, रामनिवास गोयल, सहीराम पहलवान, प्रकाश जरवाल, अमानतुल्‍ला खान, सोमनाथ भारती, जितेंद्र तोमर, नरेश बाल्‍यान और सोमदत्‍त। इसके अलावा करोल बाग के विधायक विशेष रवि के मामले में आरंभिक जांच जारी है।

विधायकों पर हैं धोखाधड़ी, चोरी, मारपीट जैसे आरोप
इन विधायकों पर धोखाधड़ी, चोरी, मारपीट, सशस्‍त्र बदल को भड़काने की कोशिश, अवैध तरीके से बंधक बनाने, जान से मारने की धमकी देने, जबरन घर में घुसने, एक्‍साइज एक्‍ट, सरकारी नौकर पर हमला करने, सार्वजनिक हानि पैदा करने वाले बयान देना, औरत को बेइज्‍जत करने के इरादे से हमला करने जैसे गंभीर अपराधों के तहत मुकदमें दर्ज हैं।
इनमें ज्‍यादातर मामलों में दोष सिद्ध होने पर सात साल से कम सजा का प्रावधान है, लेकिन कुछ मामलों में दस साल से लेकर आजीवन करावास तक की सजा का प्रावधान है।

हर केस में जल्‍द चार्जशीट करने की होती है कोशिश : बस्‍सी
दिल्‍ली पुलिस कमिश्‍नर बीएस बस्‍सी ने इस बाबत कहा कि मुझे ऐसी कोई जानकारी नहीं है। हमारी कोशिश केसों में जल्‍द से जल्‍द चार्जशीट दर्ज करने या उनकी कैंसिलेशन रिपोर्ट दाखिल करने में होती है।

केजरीवाल पर हो चुकी हैं छह चार्जशीट फाइल
वैसे, दिल्ली पुलिस सीएम केजरीवाल के खिलाफ छह चार्जशीट अदालत में दाखिल कर चुकी है। अभी दो मामलों में उसकी जांच जारी है और सीएम पर एक क्रिमिनल केस में आगामी चार अगस्‍त को चार्ज फ्रेम होने की सुनवाई होनी भी है। इस केस में आरोप तय होने पर केजरीवाल की मुसीबतें बढ़ सकती हैं।

सूत्रों की मानें तो जब दिल्‍ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के विधायकों पर आरोपों का रिकॉर्ड खंगाला तो पता चला कि कई विधायकों के खिलाफ गंभीर मामले दर्ज हैं और इनमें संगीन अपराधों की फेहरिस्त भी शामिल है।
~NDTV

Thursday, March 05, 2015

मयंक गांधी की ये चिट्ठी


आम आदमी पार्टी की पीएसी से दो वरिष्ठ सदस्यों योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण को बाहर करने के बाद भी पार्टी का विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। पीएसी के सदस्य और पार्टी के बड़े चेहरे मयंक गांधी ने अब यादव और भूषण को हटाने के तरीके पर ऐतराज जताते हुए राष्ट्रीय कार्यकारिणी की मीटिंग में हुई बातें सार्वजनिक कर दी हैं। मयंक ने पार्टी के निर्देशों को धता बताते हुए कार्यकर्ताओं के नाम लिखे खुले पत्र में ये बातें कही हैं।

मयंक के मुताबिक योगेंद्र और भूषण खुद ही पीएसी से किनारे होने को राजी थे लेकिन केजरीवाल इन्हें बाहर करने पर अड़े हुए थे और इसी के चलते इनकी पीएसी का पुनर्गठन करने या पीएसी से गैरहाजिर रहने की मांग नहीं मानी गई और सीधे-सीधे बर्खास्तगी का प्रस्ताव पेश कर दिया गया। मयंक की लिखी चिट्ठी का मजमून नीचे दिया जा रहा है।
प्रिय कार्यकर्ताओ,
मैं माफी चाहता हूं कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कल जो कुछ हुआ उसे बाहर किसी को न बताने के निर्देशों को तोड़ रहा हूं। वैसे मैं पार्टी का एक अनुशासित सिपाही हूं।
2011 में जब अरविंद केजरीवाल लोकपाल के लिए बनी ज्वाइंट ड्राफ्ट कमेटी की बैठक से बाहर आते थे तो कहते थे कि कपिल सिब्बल ने उनसे कहा है कि बैठक में जो कुछ हुआ उसे वो बाहर न बताएं। लेकिन अरविंद कहते थे कि ये उनका कर्तव्य है कि वे देश को बैठक की कार्यवाही के बारे में बताएं क्योंकि वो कोई नेता नहीं थे बल्कि लोगों के प्रतिनिधि थे। अरविंद ने जो कुछ किया वो वास्तव में सत्य और पारदर्शिता थी।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मेरी मौजूदगी कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधि के तौर पर ही है और मैं ईमानदार नहीं होऊंगा अगर मैं ये निर्देश मानता हूं। कार्यकर्ताओं को किसी समीकरण से नहीं हटाया जा सकता। वे पार्टी के स्रोत हैं। उन्हें सेलेक्टिव लीक और छिटपुट बयानों से जानकारी मिले, इसकी बजाय मैंने फैसला किया है कि मैं मीटिंग का तथ्यात्मक ब्योरा सार्वजनिक करूंगा।
पिछली रात मुझसे कहा गया कि अगर मैंने कुछ भी खुलासा किया तो मेरे खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। अब जो हो, मेरी पहली निष्ठा सत्य के प्रति है। यहां योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण की बर्खास्तगी के संबंध में मीटिंग के तथ्य दिए जा रहे हैं। मैं राष्ट्रीय कार्यकारिणी से निवेदन करूंगा कि मीटिंग के मिनिट्स रिलीज किए जाएं।
संक्षिप्त पृष्ठभूमिः दिल्ली के चुनाव प्रचार के दौरान प्रशांत भूषण ने कई बार धमकी दी कि वे पार्टी के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे क्योंकि उन्हें उम्मीदवारों के चयन पर कुछ आपत्ति थी। हममें से कुछ किसी तरह इस मुद्दे को चुनाव तक शांत रखने में सफल रहे। आरोप था कि योगेंद्र यादव अरविंद केजरीवाल के खिलाफ साजिश कर रहे हैं और इसके कुछ सबूत भी रखे गए। अरविंद केजरीवाल और प्रशांत भूषण व योगेंद्र यादव के बीच मतभेद सुलझने की हद से बाहर चले गए और उनके बीच विश्वास का संकट था। 26 फरवरी की रात जब राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य उनसे मिलना चाहते थे, अरविंद ने ये संदेश दिया कि अगर ये दो सदस्य पीएसी में रहेंगे तो वो संयोजक के तौर पर कार्य नहीं कर पाएंगे। 4 मार्च को हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की यही पृष्ठभूमि थी।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठकः योगेंद्र यादव ने कहा कि वो समझ सकते हैं कि अरविंद उन्हें पीएसी में नहीं देखना चाहते, चूंकि अरविंद के लिए उनके साथ काम करना मुश्किल है इसलिए वो और प्रशांत पीएसी से बाहर रहेंगे लेकिन उन्हें बाहर नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे में दो फॉर्मूले उनके द्वारा पेश किए गए।
-पीएसी का पुनर्गठन हो और नए सदस्य चुने जाएं। इसके लिए होने वाले चुनाव में प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव अपनी उम्मीदवारी पेश नहीं करेंगे।
-पीएसी अपने वर्तमान रूप में ही काम करती रहे और योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण मीटिंग में हिस्सा नहीं लेंगे।
मीटिंग कुछ समय के लिए रुक गई और मनीष व अन्य सदस्यों ने दिल्ली टीम के आशीष खेतान, आशुतोष, दिलीप पांडेय और अन्य से मशविरा किया। इसके बाद मनीष ने योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण की बर्खास्तगी का प्रस्ताव रखा। संजय सिंह ने इसका समर्थन किया। मैं इन दो कारणों की वजह से वोटिंग से बाहर रहा।
-अरविंद पीएसी में अच्छे से काम कर सकें इसके लिए मैं इस बात से सहमत हूं कि प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव पीएसी से बाहर रह सकते हैं और कुछ दूसरी महत्वपूर्ण भूमिका ले सकते हैं।
-मैं उन्हें सार्वजनिक रूप से बाहर रखने के प्रस्ताव के विरोध में था खासकर तब जब कि वे खुद अलग होना चाहते थे। इसके अलावा उन्हें हटाने का ये फैसला दुनिया भर के कार्यकर्ताओं की भावनाओं के खिलाफ है।
यानी, मैं उनके पीएसी से बाहर जाने से सहमत था लेकिन जिस तरह से और जिस भावना से ये प्रस्ताव लाया गया वो अस्वीकार्य था। इसलिए मैंने गैरहाजिर रहने का निर्णय लिया। दूसरी जानकारियां मीटिंग के मिनट्स जारी होने पर बाहर आ सकती हैं।
ये कोई विद्रोह नहीं है और न ही पब्लिसिटी का कदम है। मैं प्रेस में नहीं जाऊंगा। मेरे इस कदम के चलते मेरे खिलाफ प्रत्यक्ष या परोक्ष कार्रवाई हो सकती है, तो ऐसा हो जाए।
जय हिंद
मयंक गांधी