Saturday, September 19, 2015

मेरा सवाल आपसे हैं, आपसे पूछ रहा हूँ.…


दोस्तों,
मैं 2013 से इस बारे में लिख रहा हूँ । अपने टीवी शो में बोल रहा हूँ । इस प्रक्रिया को समझने का प्रयास करता रहता हूँ । मैंने सोचा था अब इस विषय पर नहीं लिखूँगा । आज आप सबके फोन आए तो लगा कि मैं अपनी बात फिर से रखूँ । मेरे ब्लाग क़स्बा की उतनी हैसियत नहीं है कि वो हर किसी के पास पहुँच जाए इसलिए हो सके तो आप मेरी बात आगे बढ़ा दीजियेगा । मैं अपनी बात का पर्चा छपवाऊँगा और आम लोगों में बाटूँगा । आप जानते हैं कि मैंने फेसबुक बंद कर दिया है । ट्वीटर पर लिखना बंद कर दिया है ।

मेरे कई दर्शकों ने सलाह दी कि आनलाइन गुंडागर्दी को दिल पर मत लीजिये । यह सब चलता रहता है । यह आपके सेलिब्रेटी होने की क़ीमत है । मैं सेलिब्रिटी नहीं हूँ और हूँ भी तो यह कब तय हो गया कि मुझे अनाप शनाप गाली खाली खानी पड़ेगी । मेरे परिवार और बच्चों तक को गाली दी जाएगी । मुझे क्यों गालियाँ और अनाप-शनाप आरोप बर्दाश्त करने चाहिए ? जब मैं कमज़ोर लोगों की तकलीफ़ बर्दाश्त नहीं कर सकता, तो अपने साथ हो रही इस नाइंसाफी को क्यों बर्दाश्त करूँ । मुझे लगता है कि इस आनलाइन गुंडाराज के ख़िलाफ़ मुझे भी बोलना चाहिए और आपको भी । पूरी दुनिया में ऑनलाइन बुली यानी गुंडागर्दी के ख़िलाफ़ कुछ न कुछ हो रहा है, भारत में क्यों चुप्पी है ?

मुझे पता है कि इसका निशाना राजनेताओं और प्रवक्ताओं को भी बनना पड़ता है । प्रवक्ताओं ने इसे क्यों मंज़ूरी दी है ? पत्रकारों को ख़ासकर कई महिला पत्रकारों को गालियाँ दी गईं । ये कौन सा समाज है जो गालियों के गुंडाराज को स्वीकार कर रहा है । बीते दौर की गुंडागर्दी और इस गुंडागर्दी में क्या अंतर है ? मुझे इस बात से कोई फ़र्क नहीं पड़ता कि कौन शिकार हो रहा है ? सोशल मीडिया में आए दिन किसी का भी चरित्र हनन हो रहा है ? कहीं से कोई कुछ भी बोल दे रहा है । वो क्या यूं ही हो जाता है । क्या यह संगठित काम नहीं है ।

आनलाइन गुंडाराज राजनीतिक संस्कृति की देन है । अब यह तमाम दलों की रणनीति का हिस्सा हो गया है लेकिन अफवाह फैलाना और बिना किसी तथ्य के किसी को बदनाम करना ये कब से मान्य हो गया । एक बात समझ लीजिये इस गुंडाराज को बढ़ावा देने में भले ही कई दल शामिल हैं और दलों के बनाए हुए असंख्य संगठन यह काम कर रहे हैं लेकिन मामला बराबरी का नहीं है । इसमें गुंडई उसकी चल रही है जिसकी ताकत ज्यादा है और जिसकी सत्ता पर पकड़ है । यह सारा मामला संसाधनों का है।

यह एक भयावह संस्कृति पसरती जा रही है और जिसे मोटी चमड़ी वाला मध्यमवर्ग, जिसकी सत्ता से साँठ गाँठ है , सहन कर रहा है और दूसरों को सहने की सलाह देता है । इस खेल ने सत्ता का काम आसान कर दिया है । इस ग्लोबल जगत में सरकार पर आँच न आए इसलिए गुमनाम संगठन या दलों के आनलाइन मीडिया सेल के इशारे पर यह काम हो रहा है । ऐसे पेश किया जाता है जैसे समाज शामिल है । किसी के पक्ष और विपक्ष में ट्रेंड कराना भी राजनीतिक गुंडई है ।

लिखने बोलने वाले लोग और कई लड़कियाँ शिकायत करती हैं कि वो गालियों के डर से नहीं लिखतीं । कई लोग डरने लगे हैं । लड़कियों को यह समझ लेना चाहिए कि ऐसी भाषा और प्रतीकों के दम पर मर्द उन्हें इस जगह से भी बेदख़ल कर देना चाहते हैं । अगर ये जारी रहा तो मेरी दोस्तों आप जिस पद पर जितनी बार पहली महिला बन जाओ लेकिन इस बेदख़ली से आपको वहीं पहुँचा दिया जाएगा जहाँ से आप चली थीं । सोशल मीडिया रचनात्मक, अनौपचारिक और मौजमस्ती की जगह है , यहाँ नेताओं ने घुस कर विरोधियों को खोजना पहचानना शुरू कर दिया है । बचाइये इस सोशल मीडिया को ।

लोकतंत्र के नाम पर सोशल मीडिया के पब्लिक स्पेस में माँ बहन की गालियाँ दी जा रही हैं । इन नेताओं ने ऐसा क्या कर दिया है कि सब चुप हैं । गली मोहल्लों के गुंडों से परेशान लड़कियाँ और महिलाएँ जो इस मुल्क का भविष्य हैं, आनलाइन गुंडागर्दी क्यों सहन कर रही हैं ? क्या हमारे नौजवान लड़के अपने आस -पास पनप रही ऐसी संस्कृति के ख़िलाफ़ कुछ नहीं बोलेंगे ? वे क्यों चुप हैं ? जो कमज़ोर है उसके लिए इस संस्कृति में कहाँ जगह बचेगी ?

यह एक रणनीति है । तर्क या तथ्य की गुज़ाइश खतम कर दो और धारणा बनाओ, बदनाम करो । प्रचार और प्रोपेगैंडा से धारणा बना दो । हम एक ऐसी जानलेवा भीड़ को मान्यता दे रहे हैं जिसकी चपेट में बारी बारी से सब आने वाले हैं । आप इसके ख़तरों को समझना चाहते हैं तो अमरीका की मोनिका लेविंस्की के अनुभव को इंटरनेट से निकाल कर पढ़ लीजिएगा । आनलाइन बुली कुछ और नहीं सिर्फ गुंडाराज है । क्या हम जवाबदेही से बहस का माहौल नहीं बना सकते ।

मीडिया में समस्या है । वो समस्या व्यक्ति की है और संस्था की भी । आप व्यक्ति को गाली देकर संस्था के सवाल को नकार नहीं सकते । उन सवाले के जवाब पत्रकार के पास नहीं हैं । वो कब तक देता रहेगा । लोग फिर क्यों उस कारोपोरेट के ख़िलाफ़ चुप रहते हैं जिनके हाथ में मीडिया है और जो नेता के साथ बैठकर विकास बन जाता है और उसके मीडिया में काम करने वाला पत्रकार दलाल हो गया ? ये किस तराज़ू पर तौल रहे हो भाई । तंत्र देखो, व्यक्ति नहीं ।

मैंने पहले भी कहा है कि इस सवाल पर खुल कर बहस हो । वे कौन से पत्रकार हैं जो राज्यसभा और विधान परिषद के सदस्य बने और अख़बार और चैनल भी चलाते हैं ? वे कौन से पत्रकार हैं जो दो दलों में शामिल होने के बीच भी संपादक बन जाते हैं ? ये कैसे स्वीकृत हो जाते हैं ? मीडिया पर राजनीतिक नियंत्रण आपके लिए मुद्दा क्यों नहीं है ? ऐसे लोगों के साथ तो नेता मंत्री खूब नज़र आते हैं तब ये गाली देने वाले गुंडे किधर देख रहे होते हैं । पार्टियाँ बतायें कि उनके भीतर कितने पत्रकार शामिल हैं ? पत्रकारिता में संकट है तो उसके लिए दो चार को गाली देने से क्या होगा ।

मेरे काम का भी हिसाब कीजिये । निकालिये मेरी एक एक रिपोर्टिंग और उसकी आडिट कीजिए । मैं नालियों और गलियों के किनारे कांग्रेस या बीजेपी के फ़ायदे नुक़सान के लिए नहीं गया । लोगों के लिए गया । चैनल चैनल बदलकर अपने होने की क़ीमत नहीं वसूली । काम ही किया । जितना कर सकता था किया । मुझे सफाई नहीं देनी है । मुझे आपका पक्ष जानना है ?

मैंने ऐसा कुछ नहीं किया है जिससे कोई यह लिखे कि वो मेरी लाद फाड़ देना चाहता है । मैंने ऐसा कुछ नहीं किया है कि मैं गाली सुनूँ और आप या समाज सुनने सहने की सलाह दें । आप उनसे लड़िये जो गुंडाराज की सेना तैयार कर रहे हैं । मेरे बारे में अनगिनत अफ़वाहें फैलाई गईं हैं । आप मेरी नहीं अपनी चिन्ता करें क्योंकि अब बारी आपकी है । आप सरकारों का हिसाब कीजिये कि आपके राज में बोलने की कितनी आज़ादी है और प्रेस भांड जैसा क्यों हो गया है ?

यह मज़ाक़ का मसला नहीं है । मैं जानना चाहता हूँ कि समाज का पक्ष क्या है ? मैं आम लोगों से पूछने जा रहा हूँ कि आप इसके ख़िलाफ़ बोलेंगे या नहीं ? आप मीडिया के आज़ाद स्पेस के लिए बोलेंगे या नहीं ? आप किसी पत्रकार के लिए आगे आएँगे या नहीं ? अगर नहीं तो मैं युवा पत्रकारों से अपील करता हूँ कि वे इस समाज के लिए आवाज़ उठाना छोड़ दें । यह समाज उस भीड़ से मिल गया है । यह किसी भी दिन आपकी बदनामी से लेकर हत्या में शामिल हो सकता है ? पत्रकारों ने हर क़ीमत पर समाज के लिए लड़ाई लड़ी है, बहुत कमियाँ रही हैं और बहुतों ने इसकी क़ीमत भी वसूली लेकिन मैं देखना चाहता हूँ कि समाज आगे आता है या नहीं ।

अरविंद केजरीवाल जब दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहे थे तब मैंने खुलेआम दर्शकों से एक बात कही थी । आज के बाद से आप नागरिक बन जाइये । अब आप मतदाता नहीं है । अपनी चुनी हुई सरकार को लेकर सख्त हो जाइये । तटस्थ हो जाइये और किसी का फैन मत बनिये । क्योंकि फैन लोकतंत्र का नया गुंडा है जो विरोध और असहमति की आवाज़ को दबाने के खेल में साझीदार बनता है।

आपका
रवीश कुमार 

Thursday, September 17, 2015

अगर यही कांग्रेस शासन में होता!


कल्पना कीजिए कि यदि मानव तस्करी और बलात्कार के आरोपों का सामना कर रहे सऊदी अरब के राजनयिक को कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार ने देशवापसी की इजाज़त दे दी होती तो क्या होता. दक्षिणपंथी लोगों ने शायद दुनिया सर पर उठा लिया होता.

वो कहते कि कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों के तुष्टिकरण के लिए ऐसा किया. वो शायद ये भी कहने से गुरेज़ नहीं करते कि कांग्रेस ने इसके लिए पैसे खाए हैं. वो दोहरे मापदंड, छद्म धर्मनिरपेक्षता को लेकर ज़ोर-ज़ोर से चिल्ला रहे होते.

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विभिन्न शाखाएं सऊदी दूतावास के बाहर झंडों के साथ नारे लगा रही होतीं. विनय कटियार और प्रवीण तोगड़िया सरीखे नेता तीखे भाषण दे रहे होते.

उनकी दलील हो सकती थी कि कांग्रेस सऊदी अरब के साथ बेहतर रिश्ते बनाना चाहती है. कांग्रेस का हर तर्क, हर दलील को ज़ोरदार तरीक़े से ख़ारिज कर दिया जाता. उदारवादी राजनीति के पैरोकारों को ट्विटर और सोशल मीडिया पर बुरा-भला कहा जा रहा होता.

अगर आपने उन्हें राजनयिक सुरक्षा के बारे में बताते तो, वे गूगल खंगालकर आपको उन देशों की फ़ेहरिस्त गिना देते जिन्होंने राजनयिक सुरक्षा के बावजूद राजनयिकों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की.

वो ये भी कह सकते थे कि अगर राजनयिक सुरक्षा का मतलब ये है कि उन्हें गिरफ़्तार नहीं किया जा सकता था तो कम से कम भारत सरकार को अपनी नाख़ुशी तो जतानी ही चाहिए थी. कड़ा संदेश देना चाहिए था. कम से कम राजनयिक को निष्कासित कर सकते थे और सऊदी सरकार को अपने राजनयिक को शांतिपूर्ण तरीक़े से घर जाने की छूट नहीं देते.

वो ये भी कह सकते थे कि कांग्रेस सरकार शरिया क़ानून वाली सऊदी सरकार से बेहतर रिश्ते चाहती है और उसे दो नेपाली नागरिकों को न्याय दिलाने की कोई चिंता नहीं है. नेपाल हिंदू बहुसंख्यक देश है और भला कांग्रेस हिंदुओं की परवाह कबसे करने लगी?

तो क्या यदि सऊदी ने बदले में एक भारतीय राजनयिक को निकाल दिया होता? इससे भारत की छवि पर कैसा असर पड़ता? क्या ये सबको पता नहीं होता कि ग़लती सऊदी अरब की है?

इस बात पर कि सऊदी अरब में 24 लाख भारतीय काम करते हैं, उनका पहला तर्क हो सकता था कि उनमें से अधिकांश मुसलमान होंगे, इसलिए कांग्रेस एक बार फिर मुस्लिम तुष्टीकरण कर रही है. क्योंकि भारतीय रियाद में छोटी-मोटी नौकरी करते हैं तो क्या ‘इटली के नेतृत्ववाली’ कांग्रेस सरकार को सऊदी राजनयिक को भारत में मेड के साथ बलात्कार करने देना चाहिए?

आपके सोशल मीडिया अकाउंट की टाइमलाइन पर कुछ ज़हरीले शब्द तैर रहे होते. अगर आप इसकी वजह सऊदी अरब से मिलने वाला तेल बताते तो उनका जवाब होता की तेल की क़ीमतें पारे की तरह गिरती जा रही हैं और आप हिंदू महिला से सऊदी व्यक्ति के बलात्कार को सही ठहराने के लिए तेल की तर्क दे रहे हैं.

भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने अगर इसमें दख़ल देकर सऊदी राजनयिक को देश से जाने दिया होता तो आप कहते कि ये आदमी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार है या राष्ट्रीय असुरक्षा सलाहकार?
अगर कोई ये तर्क देता कि भारत सऊदी अरब को इसलिए नाराज़ नहीं कर सकता क्योंकि वह पैसों से पाकिस्तान में जिहादियों की मदद कर सकता है. इस पर उनका जवाब ये हो सकता था कि आप क्या चाहते हैं कि कोई भारत को ब्लैकमेल करे? इसीलिए हम चाहते हैं कि नरेंद्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री बनें. भारत को एक मज़बूत प्रधानमंत्री की ज़रूरत है जो दुनिया को ये बता सके कि अब आप भारत को मूर्ख नहीं बना सकते.

लेकिन, अफ़सोस कि ये सब कुछ नरेंद्र मोदी के शासन में हो रहा है और दक्षिणपंथी कमोबेश चुप्पी साधे हुए हैं. जो बोल भी रहे हैं तो सोशल मीडिया पर किसी तरह बचाव कर रहे हैं.
एक यूज़र ने ट्वीट किया, “राजनयिक सुरक्षा पर कांग्रेसी और आप कार्यकर्ता बोलना शुरू करें, उससे पहले याद रखें...एंडरसन और भोपाल.”

बेशक, ये हमेशा से ही कांग्रेस का ही क़सूर रहा है. अगर कांग्रेसी सरकार ने वारेन एंडरसन को 31 साल पहले भोपाल से नहीं जाने दिया होता तो मोदी जी भी सऊदी राजनयिक को थोड़े ही जाने देते.

शिवम विज

क्या फल और सब्ज़ियाँ खाने वाले पुण्य बटोरते हैं, वे हत्याएं नहीं करते?


शरीर के लिए माँसाहार उत्तम है या शाकाहार? भारतीय परिवेश की ये अन्तहीन बहस है. बहुतों की नज़र में ये फालतू की बहस है. लेकिन कुछ दिनों से छिड़ी भी तो हुई है. हाईकोर्ट तक इसमें कूद चुका है. कोई नहीं जानता कि भारतीय संस्कृति में शाकाहार और माँसाहार को पहली बार कब परिभाषित किया गया? सदियों से पशु-वध, संहार-शिकार और बलि को लेकर सामाजिक चेतना को जगाने की कोशिश होती रही है. लेकिन ज़रा सोचिए कि हमारे पुरखों की दृष्टि भी कितनी संकुचित रही होगी. क्योंकि सारी दुनिया को पहली बार भारतीय वैज्ञानिक जगदीश चन्द्र बोस ने बताया था कि वनस्पतियों में भी वैसा ही जीवन और संवेदनाएँ होती हैं, जैसी जन्तु जगत में हैं. बोस ने 10 मई 1901 को वैज्ञानिकों से खचाखच भरे लन्दन स्थित रायल सोसाइटी के सेंट्रल हॉल में ये सिद्ध किया था कि पौधों में भी जीवन के वही लक्षण होते हैं जैसे जन्तुओं में हैं.

इससे पहले वेदान्त संस्कृति ये बता चुकी थी कि ब्रह्मांड की रचना जड़ (Non living) और चेतन (Living) से हुई है. बाद में वैज्ञानिकों ने इसकी आधुनिक परिभाषा तय की. जो साँस नहीं लेते और जिनमें वंश-वृद्धि की प्रक्रिया नहीं है वो जड़ हैं. जैसे पत्थर, मिट्टी, धातु वगैरह. जबकि पूरा प्राणिजगत जन्म-मृत्यु के बाहुपाश में है. इसका अध्ययन जीव विज्ञान (Biology) कहलाया. जन्तु विज्ञान (Zoology) और वनस्पति विज्ञान (Botany) इसकी शीर्ष शाखाएँ हैं. लिहाज़ा, माँसाहार हो या शाकाहार, मनुष्य को अपना पेट भरना है तो उसे जीव ‘हत्या’ तो करनी ही होगी. क्या सब्ज़ियों, फलों और दूध-घी में जीवन नहीं है? क्या जीवन सिर्फ़ माँस-मछली में ही है? क्या जीव-हत्या का पाप सिर्फ़ मुर्गा, बकरा, भेड़, सुअर और भैंसा वग़ैरह खाने वालों को ही लगेगा? क्या सब्ज़ियाँ, फल और दूध के सेवन से ज़िन्दगी गुज़ारने वाले पुण्य बटोरते हैं?

धार्मिक दृष्टि से देखें तो सभी धर्म और उपासना पद्धतियाँ बुनियादी तौर पर मनुष्य को प्रेम (Love), दया (Kindness), करूणा (Compassion), सहिष्णुता (Tolerance) और बन्धुत्व (Brotherhood) का सन्देश देती हैं. कालान्तर में अलग-अलग मतावलम्बियों (Followers) ने अपने-अपने सम्प्रदाय के लिए तरह-तरह के मिथक (Assumptions) गढ़ लिये. बदलते तौर में हरेक बात को धार्मिकता से जोड़ने का चलन आया. देखते-देखते सभी आचार-व्यवहार धार्मिक साँचे में ढाल दिये गये. इससे अन्धविश्वास का जन्म हुआ. जिसे सभी धर्मों के स्वार्थी तत्वों ने जमकर भुनाया. लेकिन जब वैज्ञानिक अविष्कारों ने पाखंडियों को आड़े हाथ लिया तो ‘धर्म’ की दुकान चला रहे लोग तिलमिला पड़े. ऐसा पूरी दुनिया में हुआ. हमेशा हुआ. आगे भी होता रहेगा.

सन् 1514 में जब कॉपरनिकस (Nicolaus Copernicus) ने सिद्ध किया कि ब्रह्मांड का केन्द्र पृथ्वी नहीं है. सूर्य, पृथ्वी के चारों ओर नहीं घूमता बल्कि पृथ्वी, सूर्य के चारों ओर घूमती है. इस बात से उस दौर के धर्माचार्य बौखला गये. उन्होंने पादरियों के परिवार से जुड़े कॉपरनिकस को विधर्मी बताकर सज़ाएँ दीं. इसीलिए दुनिया को उनके ज़्यादातर शोधों का पता उनकी मौत के बाद चला. कॉपरनिकस की दिखायी राह पर चलकर वैज्ञानिक ब्रुनो (Giordano Bruno) ने सन् 1600 में बताया कि ब्रह्मांड में सूर्य जैसे कई सौरमंडल हैं. सूर्य इकलौता नहीं है. इसी तरह दूरबीन के जनक गैलिलियो (Galileo Galilei) ने सन् 1610 में बताया कि बृहस्पति के चार चन्द्रमा हैं. लेकिन कैथोलिक धारणाओं को चुनौती देती ऐसी जानकारियों को वो 1633 तक छिपाये रहे. उनके शोधों की भनक पाकर उन्हें सज़ा मिली कि वो कॉपरनिकस की राह पर नहीं चलेंगे. लेकिन गैलिलियो चोरी-छिपे अपने शोध में लगे रहे. इसकी पोल खुली तो उन्हें क़रीब दस साल की नज़रबन्दी झेलनी पड़ी जो उनकी मौत से ही ख़त्म हुई.
  

साफ़ है कि दुनिया के हरेक समाज का एक तबका कभी नहीं चाहता कि उसके मिथकों को कोई चुनौती दे. ऐसा पाँच सौ साल पहले भी था. आज भी है. हालाँकि, इस दौरान दुनिया कहाँ से कहाँ आ पहुँची! शाकाहार और माँसाहार का द्वन्द तो उससे भी पुराना है. जीव विज्ञान हमें बखूबी समझा चुका है कि प्रकृति ने प्राणिजगत के लिए ऐसी भोजन-शृंखला (Food Chain) बनायी है जिसमें कोई किसी का भोजन है तो कोई किसी और का. किसी को हरियाली चाहिए तो किसी को तरह-तरह के जीव-जन्तु. शिकारी जानवर भूखे मर जाएँगे लेकिन घास नहीं खा सकते. गाय चाहे जितनी भूखी हो ख़रगोश नहीं खा सकती. जो प्राणी दूसरों का भोजन हैं, क़ुदरत ने उनकी वंश-वृद्धि की रफ़्तार ऐसी रखी है, जिससे नस्ल भी बची रहे और भोजन-शृंखला भी क़ायम रहे. कल्पना कीजिए कि आम के एक पेड़ पर जितने फल लगते हैं अगर वो सारे उसकी सन्तान की तरह आम के पेड़ बनने लगे तो कितने आम के पेड़ हो जाएँगे? ऐसा होता तो धरती पर सिर्फ़ आम ही आम के पेड़ होते. ऐसे ही फूलों के परागण का विधान है. कीट-पतंगे न हो तो उनकी वंश-वृद्धि कैसे होगी?

इन्सान गेहूँ इसलिए पैदा करता करता है कि उसे रोटी चाहिए. गाय-भैंस इसलिए पालता है कि उसे दूध चाहिए. इसी तरह से बकरी इसलिए पाली जाती है कि बकरे चाहिए. सूअर इसलिए पाला जाता है कि गोश्त चाहिए. मनुष्य ने न जाने कितने वर्षों के शोध के बाद ये तय किया होगा कि कौन-कौन से जानवर क्यों पालने हैं? किसकी क्या उपयोगिता होगी? गोश्त तो सभी में है. लेकिन पक्षियों में भी मुर्गे को ही क्यों नियमित भोजन के लिए चुना गया होगा? अंडा तो लाखों तरह के प्राणी देते हैं लेकिन सबको अंडों के लिए क्यों नहीं पाला जाता? दूध तो हरेक स्तनधारी में है, लेकिन दूध के लिए गाय-भैंस या ऊँट-याक वगैरह को ही क्यों पाला जाता है? ये सारी बातें तरह-तरह के समाजशास्त्रीय अध्ययन से सदियों में तय हुई होंगी.

बैक्टीरिया-वायरस जैसे अतिसूक्ष्म जीवों का पता क्या हमारे पुरखों को था? साफ़ है कि जब तक वैज्ञानिक तथ्य हमारी आँखों पर पड़ी धुन्ध को साफ़ नहीं कर देते, तब तक हम दकियानूसी भँवर में ही फँसे रहेंगे. इसके लिए किसी इंसान या धर्म में कमी-बेसी ढूँढने से कुछ होगा. फ़र्क़ पड़ेगा तो सिर्फ़ वैज्ञानिक दृष्टिकोण से. वर्ना ढकोसले की बीमारी अनुवांशिक (Hereditary) ढंग से एक से दूसरी पीढ़ी तक पहुँचती रहेगी. काफ़ी समय से भारतीय समाज में अलग-अलग ढंग का तुष्टिकरण (Appeasement) दिखायी देता है. तुष्टिकरण का प्रचलित चेहरा सिर्फ़ हज या कैलाश मानसरोवर यात्रा पर मिलने वाली घोषित या अघोषित सब्सिडी ही नहीं है. किसी ख़ास वर्ग को लुभाने के लिए किसी ख़ास दिन सरकारी छुट्टी का एलान कर देना या किसी को रिझाने के लिए किसी पर्व विशेष पर माँस-बिक्री पर रोक लगा देना या सड़कों को तरह-तरह के जुलूसों, शोभायात्राओं वग़ैरह के लिए हर तरह की छूट दे देना – ये सारा भी तुष्टिकरण ही है. कोई भी सियासी या धार्मिक संगठन इससे अछूता नहीं है. सब एक जैसे हैं. फ़र्क़ सिर्फ़ इतना है कि कभी किसी एक तरह के लोगों का ज़ोर चलता है तो कभी दूसरे का.
  
भारत में धार्मिक आस्थाओं के नाम पर बलि देने की हिन्दू परम्परा कितनी पुरानी है, कोई नहीं जानता. यहाँ तो एक राजा इसलिए अमर हो गया कि उसने शरणागत कबूतर की रक्षा के लिए उसके शिकारी बाज़ को अपने शरीर का माँस देने का रास्ता चुना. क़िस्सों की भरमार है. आप जैसे क़िस्से ढूँढ़ना चाहेंगे, वैसे ही आपको मिलने लगेंगे. हमारे शहरों की किस प्रमुख सड़क पर आपको भटकता हुआ गौवंश नहीं दिखाई देगा? गाय को हमारी धार्मिक आस्थाओं से जोड़कर पूज्यनीय भले ही बना दिया गया हो, लेकिन उस जैसी बेक़द्री शायद ही भारतीय समाज में किसी और पशु की होती हो. सड़क पर दिखने वाली हरेक गाय कहने को तो बाक़ायदा पालतू है, लेकिन उसके पालनहार उसके साथ कितनी क्रूरता से पेश आते हैं, ये ज़रा सड़कों पर भटक रही उन ‘माताओं’ से पूछिए. उन्हें कूड़े-कचरों में मुँह मारकर पॉलीथीन की थैलियों समेत सड़े-गले को खाकर अपना पेट पालना पड़ता है. गायों का बुढ़ापा जितना कष्टकारी जीवन शायद ही किसी और प्राणी का होता हो. पता नहीं, हमारे धार्मिक ठेकेदारों को दुनिया के इस सबसे निरीह प्राणी पर कब तरस आएगा?

हमारे धार्मिक और सियासी नेता, चिन्तक, विचारक और विद्वान सामाजिक चेतना को लेकर किस सीमा तक ढोंग कर सकते हैं, इसका क़यास तक कोई नहीं लगा सकता. आज माँसाहार, पशु-वध जैसे विषयों को लेकर ऐसी बेचैनी दिखायी जा रही है, मानो यही देश की सबसे बड़ी चुनौती है. अफ़सोस की बात ये है कि सारी बहस से वैज्ञानिक और प्रगतिशील दृष्टिकोण नदारद है. ख़्वाहिश ये नहीं है कि हम अपनी विकृतियों को दूर करें. तमन्ना तो ये है कि कैसे हम दस-बीस सदी पीछे चले जाएँ! जीवन्त समाज में तार्किक बहस ज़रूर होनी चाहिए. लेकिन इस नज़रिये के साथ कि हम उनकी बातों को भी समझें-बूझें जो हमसे अलग सोचते हैं. बहस का मक़सद विषय को गहराई से समझने का होना चाहिए, न कि कटुता बढ़ने का.
मुकेश कुमार सिंह

Tuesday, September 01, 2015

दाभोलकर, गोविंद पानसरे और अब एमएम कलबुर्गी


कन्नड़ भाषा के मशहूर साहित्यकार और कर्नाटक विश्वविद्यालय के पूर्व उपकुलपति एमएम कलबुर्गी की हत्या ने एक बार फिर वैज्ञानिक सोच-समझ रखने वाले लोगों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को गहरी चोट पहुंचाई है। रविवार को सुबह करीब साढ़े आठ बजे हमलावरों में से एक युवक खुद को कलबुर्गी का छात्र बता कर उनके घर में दाखिल हुआ और गोली मार कर फरार हो गया। 

यह समझना मुश्किल नहीं है कि अंधविश्वासों और धार्मिक ठगी के खिलाफ कलबुर्गी की गतिविधियों से किन लोगों या समूहों के हितों को चोट पहुंच रही थी और उनकी हत्या किस मकसद से की या कराई गई होगी। अंधविश्वासों के खिलाफ लड़ने और मूर्ति-पूजा पर सवाल उठाने वाले साहित्य अकादेमी पुरस्कार प्राप्त लेखक और शोधकर्ता कलबुर्गी को दक्षिणपंथी हिंदू संगठनों की ओर से लगातार धमकियां मिल रही थीं। पिछले साल ऐसे ही कुछ लोगों ने हिंदुओं की आस्था को आहत करने का आरोप लगा कर कलबुर्गी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और उपद्रवी तत्त्वों ने उनके घर पर कई बार पत्थरबाजी भी की। इसके बावजूद कलबुर्गी ने इस तरह की हरकतों के बारे में किसी से जिक्र नहीं किया। हालांकि आशंकाओं को भांपते हुए छह महीने पहले उनके दोस्तों ने पुलिस सुरक्षा का इंतजाम करा दिया था। लेकिन एक पखवाड़े पहले ही कलबुर्गी ने पुलिस सुरक्षा हटवा दी। 

वे जिन विचारों के वाहक थे, उसमें शायद उन्हें किसी सुरक्षा या हथियार की जरूरत नहीं लगी होगी। ट्वीट के जरिए हत्या की धमकी देने वाले बजरंग दल के एक कार्यकर्ता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हाल के वर्षों में वैज्ञानिक चेतना और प्रगतिशील मूल्यों के वाहकों पर हमले या उनकी हत्या के मामले तेजी से बढ़े हैं। भारत में पिछले दो साल के भीतर यह तीसरी घटना है, जिसमें ऐसे व्यक्ति की हत्या कर दी गई जो अपने स्तर पर समाज में फैले अंधविश्वास पर आधारित धार्मिक मान्यताओं के प्रति लोगों की आंखें खोलने में लगा हुआ था। 

करीब दो साल पहले महाराष्ट्र में अंधविश्वासों और सांप्रदायिकता के खिलाफ लगातार सक्रिय रहे नरेंद्र दाभोलकर और फिर इसी साल फरवरी में गोविंद पानसरे की भी हत्या हो गई। इन हत्याओं के पीछे कौन है, सरकार और उसके संबंधित महकमे आज तक पता नहीं लगा सके। इसके अलावा, बांग्लादेश में अंध-आस्था के खिलाफ आवाज उठाने वाले कई ब्लॉगरों को सरेआम मार डाला गया। जाहिर है, हत्या करने या कराने वाले लोगों या संगठनों को हमेशा इस बात का डर सताता रहता है कि अगर समाज में तार्किकता और वैज्ञानिक सोच का माहौल बन गया तो न सिर्फ पाखंड और धोखाधड़ी के उनके धंधे बंद हो जाएंगे, बल्कि इससे समूचे समाज के सोचने-समझने का ढांचा भी बदल जा सकता है। 

एड्स व कैंसर से भी खतरनाक है ... अंधविश्वास
जनसत्ता

मेहनत की लूट सबसे ख़तरनाक नहीं होती, पुलिस की मार सबसे ख़तरनाक नहीं होती: पाश



मेहनत की लूट सबसे ख़तरनाक नहीं होती
पुलिस की मार सबसे ख़तरनाक नहीं होती
गद्दारी, लोभ की मुट्ठी
सबसे ख़तरनाक नहीं होती

बैठे बिठाए पकड़े जाना बुरा तो है
सहमी सी चुप्पी में जकड़े जाना बुरा तो है
पर सबसे ख़तरनाक नहीं होती

सबसे ख़तरनाक होता है
मुर्दा शांति से भर जाना
ना होना तड़प का
सब कुछ सहन कर जाना
घर से निकलना काम पर
और काम से लौट कर घर आना
सबसे ख़तरनाक होता है
हमारे सपनों का मर जाना 

सबसे खतरनाक वो आँखें होती है
जो सब कुछ देखती हुई भी जमी बर्फ होती है..
जिसकी नज़र दुनिया को मोहब्बत से चूमना भूल जाती है
जो चीज़ों से उठती अन्धेपन कि भाप पर ढुलक जाती है
जो रोज़मर्रा के क्रम को पीती हुई 
एक लक्ष्यहीन दुहराव के उलटफेर में खो जाती है
सबसे ख़तरनाक वो दिशा होती है 
जिसमे आत्मा का सूरज डूब जाए
और उसकी मुर्दा धूप का कोई टुकड़ा 
आपके ज़िस्म के पूरब में चुभ जाए