Monday, December 23, 2013

बड़े-बड़े एनजीओ संचालकों का संगठन ‘आप’


दिल्ली के विधानसभा चुनाव में ‘आप’ की सफलता ने सभी को चैंका दिया है. लोग हतप्रभ हैं कि आखिर ये क्या हो गया. अब लोग लाल बुझक्कड़ की तरह ‘आप’ की जीत का विश्लेषण करने में लगे हैं. यहां तक कि वामपंथ की हुंकार भरने वाले कुछ लोगों को ये इंकलाब की ओर ले जाने वाली पार्टी लग रही है और वे अपनी वर्गीय लाइन और वर्ग चरित्र की राजनीति को भूल गए हैं.

ये लोग आप की जीत पर उसकी शान में कसीदे पढ़ रहे हैं. जीत का ये गुबार इतना ज्यादा है कि सही तस्वीर लोगों को दिखाई नहीं दे रही है. वास्तव में आप की दिल्ली विधानसभा की जीत भारतीय राजनीति में एनजीओ के बढ़ते हस्तक्षेप का परिचायक है. यह पार्टी न तो किसी विचारधारा पर आधारित है और न ही इसका कोई आर्थिक और सामाजिक दर्शन लोगों के सामने आया है.

आप की जीत में उच्च मध्यम वर्ग और मध्यम वर्ग के असंतुष्ट समूह की बड़ी भूमिका है. यह वह वर्ग है, जिसको उदारीकरण के दौर में सबसे आर्थिक लाभ हुआ है और सबसे अधिक सुविधाएं मिली हैं. जब तक इसे लगातार सुविधाएं मिल रहीं थीं तब तक इसमें कोई असंतोष नहीं था, लेकिन जैसे ही इसकी सुविधाओं में कटौती हुई जैसे गैस के सिलेंडरों की संख्या निर्धारित करना, डीजल पेट्रोल के दाम बढ़ना, सब्जियों विशेषकर प्याज के दाम आसमान पहुंचना, इसमें असंतोष फैलने लगा.

इस असंतोष को स्वर दिल्ली में आप ने दिया. भाजपा तो खैर उन्हीं आर्थिक नीतियों पर चलेगी, जिस पर कांग्रेस चल रही है, वामपंथ भी इस मुद्दे पर ठोस पहलकदमी लेने में नाकाम रहा. इस राजनीतिक रिक्तता को भरा है आप ने. आप की जीत का दूसरा बड़ा कारण उसका बेहतर चुनाव प्रबंधन है. कई ऐसे कामों को उसने किया, जिसे आज राजनीतिक पार्टियां नहीं कर रही हैं.

लेकिन आप खुद में क्या है. बड़े-बड़े एनजीओ संचालकों का संगठन. ये एनजीओ घनघोर मुनाफाखोर पूंजीवाद का मानवीय चेहरा हैं, जहां पूंजीपति अपने बेतहाशा मुनाफाखोरी में से एक छोटा सा हिस्सा परोपकार के कामों में लगाकर वाहवाही लूटता है. वह इस परोपकार के काम को करने के लिए एनजीओ को जन्म देता है.

एनजीओ का काम सरकार को बेकार साबित कर अपने दानदाता की ‘जय जयकार...’ करवाना होता है. इसके साथ ही असमानता के खिलाफ होने वाली लड़ाई को भटकाने का काम भी करते हैं. इन एनजीओ के कारण ही आज समाज में राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता खत्म हो गए हैं.

वे युवा जो राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में परिवर्तन के लिए काम करने की इच्छा रखते थे, एनजीओ के साथ जुड़ रहे हैं और इस भ्रम में हैं कि हम समाज में परिवर्तन तो ला नहीं सकते, तो क्यों न समाज के कमजोर वर्ग का ही भला कर दें. यह भी कि परिवर्तन जैसा कष्टसाध्य काम करने से बेहतर है कि एक सरल रास्ता अपनाया जाए.

-प्रेम पुनेठा

Wednesday, December 04, 2013

बाबरी मस्जिद कि शहादत और अयोध्या में भगवान राम का आगमन


राम आये नगर में तो हलचल दिखी/
जिस शकल को पढ़ा उसपे ख़ुशियाँ लिखी/
जैसे लगता था आबो हवा है बिकी/
जिससे भगवान कि साँसे ख़ुद है रुकी/
शोर नारे हवाओं में सुनते रहे/
हर घड़ी कुछ सवालों को बुनते रहे/

क्या हुआ है मेरे घर में मजमा है क्यूँ/
नज़रें जैसे पड़ी भीड़ पर उनकी ज्यूँ/
देखा कुछ नौजवानों का शोरो फ़ुग़ाँ/
थोड़ा आगे बढ़े जल रही थी दुकाँ/
मुफ़लिसों और बेचारों के जलते मकाँ/
उनकी प्यारी अयोध्या में हर सू धुआँ/

तेज़ क़दमों से जब वो महल को चले/
रास्ते में लगे जैसे वहशत पले/
हर सिमत में वहाँ पे थे मजमें लगे/
उनके अपने महल में थे झंडे सजे/
सबकी शक्लों पे ख़ुशियों कि वहशत रजे/
जैसे हर एक डगर पर थे बाजे बजे/

सोचकर जैसे क़दमों से आगे बढ़े/
कुछ अवाज़ें थी कानों में कैसे लड़े/
फिर दुबारा महल कि थे सीधी चढ़े/
जिससे मजमें कि शक्लों को फिर से पढ़ें/
दूर नज़रों ने देखा कहीं पर धुआँ/
जल्दी जल्दी क़दम से वो पहुंचे वहाँ/

एक मजमा था उनकी सदा दे रहा/
और कहता गिरा दो ये ढाँचा यहाँ/
नामे बाबर मिटा दो सदा के लिए/
कह दो तैय्यार हैं वो सज़ा के लिए/
माँ के माथे का कालिख गिराएंगे हम/
राम के नाम को फिर सजायेंगे हम/

नामे भगवन का डंका बजायेंगे हम/
ए अयोध्या तेरे गीत गायेंगे हम/
इतना कहके वो मस्जिद गिराने लगे/
उनके क़ायद भी जल्दी से आने लगे/
नाम भगवन के सब गीत गाने लगे/
उसकी मिट्टी तिलक से सजाने लगे/

ज़ोर से शोर उट्ठा फ़लक गिर गया/
शर्म से सारे इन्सां का झुक सिर गया/
राम कहते रहे किसने क्या कर दिया/
मेरी आँखों को आंसू से क्यूँ भर दिया/
कौन है ये वहाँ पर जो सब कर रहे/
जिससे हर सिम्त इन्सां फ़क़त डर रहे/

पाक मेरी ज़मीं पर लहू बह गया/
क्यूँ सियासत में इन्सां ज़हर सह गया/
सदियों पहले ज़माने से मैं कह गया/
देखना था जो कलयुग में ये रह गया/
देखते देखते सारी धरती जली/
और सियासत कि गोदी में साज़िश पली/

मुल्क जलता रहा लोग बढ़ते रहे/
सीढ़ियां सब सियासत कि चढ़ते रहे/
ख़ौफ़ सारी नज़र में वो गढ़ते रहे/
सारे इंसान आपस में लड़ते रहे/
सदियों सदियों का रिश्ता कहाँ खो गया/
बोले लक्ष्मण से भाई ये क्या हो गया/

कौन रंजिश दिलों में यहाँ बो गया/
सारे दिल से मुहब्बत को ख़ुद धो गया/
पलमें ख़ुशियों का अम्बर कहाँ सो गया/
कुछ न बोले लबों से था दिल रो गया/
कौन थे मुझसे ही साज़िशें कर गए/
मेरी अपनी अयोध्या में लड़ मर गए/....
-सलमान रिज़वी

Thursday, November 28, 2013

हां मैं कश्मीर हूँ, हां मैं कश्मीर हूँ.


न बुज़ुर्गों के ख़्वाबों की ताबीर  हूँ
न मैं जन्नत की अब कोई तस्वीर  हूँ!
जिसको मिल करके सदियों से लूटा गया,
मैं वो उजड़ी हुई एक जागीर  हूँ!!

                  हां मैं कश्मीर हूँ, हां मैं कश्मीर हूँ.

मेरे बच्चे बिलखते रहे भूख से,
ये हुई है सियासत की इक चूक से !
रोटियां मांगने पर मिलीं गोलियां,
चुप कराया गया उनको बंदूक से !

                  हां मैं कश्मीर हूँ, हां मैं कश्मीर हूँ.

न कहानी  हूँ न कोई किस्सा हूँ मैं
मेरे भारत तेरा एक हिस्सा  हूँ मैं !!
जिसको गाया नही जा सका आज तक
ऐसी इक टीस  हूँ ऐसी इक पीर  हूँ………!
                                    
                  हां मैं कश्मीर हूँ, हां मैं कश्मीर हूँ.

यूं मेरे हौसले आज़माए गए,
मेरी सांसों पे पहरे बिठाए गए !
पूरे भारत में कुछ भी कहीं भी हुआ,
मेरे मासूम बच्चे उठाए गए !!

यूं उजड़ मेरे सारे घरौंदे गए,
मेरे जज़्बात बूटों से रौंदे गए !
जिसका हर लफ़्ज आंसू से लिक्खा गया,
ख़ूं में डूबी हुई ऐसी तहरीर  हूँ….!

                  हां मैं कश्मीर हूँ, हां मैं कश्मीर हूँ.

मैं बग़ावत का पैग़ाम बन जाऊंगा,
मैं सुबह हूं मगर शाम बन जाऊंगा !
गर सम्भाला गया न मुझे प्यार से,
एक दिन मैं वियतनाम बन जाऊंगा !!

                  हां मैं कश्मीर हूँ, हां मैं कश्मीर हूँ.

मुझको इक पल सुकूं है न आराम है,
मेरे सर पर बग़ावत का इल्ज़ाम है !!
जो उठाई न जाएगी हर हाथ से
ऐ सियासत मैं इक ऐसी शमशीर  हूँ…..!

                  हां मैं कश्मीर हूँ, हां मैं कश्मीर हूँ.

-इमरान प्रतापगढ़ी

Saturday, November 23, 2013

साहेब और युवती के बीच थे अवैध संबंध



लड़की का पीछा क्यों करवाया गया, इसकी कहानी एक मिस्ड काल से शुरू हुई। यह मिस्ड कॉल साहब के पर्सनल नंबर पर आई थी। इसके बाद से ही इस युवती के फोन को  2009 में दो महीने तक अवैध रूप से सर्विलांस पर रखा गया। कांग्रेस अब इस मामले में मोदी को पूरी तरह से घेरने में जुटी है और इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी जज से कराने की मांग कर रही है। माना जा रहा है कि जासूसी का यह खेल मोदी के लिए भारी पड़ सकता है, क्योंकि तमाम मानवाधिकार संगठन और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस तरह की जासूसी को निजता का उल्लंघन माना है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों न्यूज पोर्टल कोबरा पोस्ट और गुलेल ने गुजरात के राज-काज के बारे में एक सनसनीखेज खुलासा करते हुए गुजरात के पूर्व गृहराज्यमंत्री अमित शाह और आईपीएस अफसर जीएल सिंघल की टेलीफोन पर हुई बातचीत की रिकार्डिंग पे्रस के सामने पेश की। वेबसाइट ने इस जासूसी कांड को गैरकानूनी मानते हुए कहा कि गुजरात के पूर्व गृहमंत्री और मोदी के खास अमित शाह ने सिंघला को एक लड़की की 24 घंटे निगरानी का आदेश दिया, ताकि किसी साहब को उसके बारे में पल-पल की जानकारी दी जा सके। अमित शाह से बातचीत की यह रिकार्डिंग खुद सिंघला ने सीबीआई को सौंपी है। कांग्रेस ने इस मामले की गहराई से जांच की मांग की है। वहीं भाजपा ने पूरे मसले पर चुप्पी साध ली है।

आइए, इस जासूसी कांड के कुछ रोचक तथ्यों पर नजर डालें। मिली जानकारी के मुताबिक, 62 दिनों तक चले इस सर्विलांस में गुजरात के आठ बड़े पुलिस अधिकारी शामिल थे। इस पूरी कार्रवाई की कमान आईपीएस अधिकारी जीएल सिंघल के हाथों में थी। सिंघल को उस समय अमित शाह के बेहद करीब थे। हालांकि उसके बाद दोनों के रिश्ते बिगड़ गए। अमित शाह और जीएल सिंघल दोनों राज्य में हुए दो अलग-अलग फर्जी एनकाउंटरों के मामले में आरोपी हैं और फिलहाल बेल पर बाहर हैं। अमित शाह जहां सोहराबुद्दीन एनकाउंटर के आरोपी हैं, वहीं सिंघल पर इशरत जहां एनकाउंटर मामले में आरोप लगाए गए हैं। सिंघल ने शाह से अपनी नजदीकी के बावजूद उनसे हुई बातचीत की कुछ रिकार्डिंग्स भी अपने पास रख ली थी। इस साल जून में सिंघल ने इस बातचीत के 267 रिकार्डिंग्स सीबीआई को सौंप दी।

कोबरा पोस्ट से मिली जानकारी के मुताबिक, 2005 में पहली बार साहब से युवती की मुलाकात हुई। इस युवती ने भूकंप प्रभावित भुज में सरकारी पुनर्निर्माण के प्रयासों के तहत एक हिल गार्डन डिजाइन किया था। दोनों की मुलाकात तत्कालीन जिलाधिकारी प्रदीप शर्मा ने कराई थी। साहेब ने इस युवती को अपना पर्सनल मोबाइल नंबर भी दे रखा था, जिस पर साहेब और युवती की अक्सर बातें होती थीं। एक दिन युवती ने भुज के अपने कलक्टर मित्र प्रदीप शर्मा को साहेब के साथ चल रहे संबंध से संबंधित कॉल्स और मैसेज को दिखला दिया। शर्मा ने उस साहब का नंबर सेव कर लिया। बाद में युवती और साहब के बीच कुछ नजदीकी रिश्तों को लेकर अनबन शुरू हो गई और युवती परेशान रहने लगी। साहब चाहते थे कि भले ही हम दोनों के बीच में संबंध कुछ और हो, लेकिन सार्वजनिक तौर पर यह दिखे कि साहब युवती को बेटी की तरह मानते हैं। युवती की परेशानी जानने के बाद कलक्टर शर्मा ने साहब के सेव नंबर पर काल लगा दी। काल उठाया तो नहीं गया, लेकिन इस मिस्ड कॉल से साहब को संदेह हो गया कि आखिर उनका पर्सनल नंबर किसके पास है। कॉल डीटेल्स में शर्मा का नाम सामने आ गया। इस मिस्ड कॉल के बाद से ही युवती और साहब के संबंधों का समीकरण बदल गया। शर्मा के फोन पर नजर रखी जाने लगी और यह बात सामने आ गई कि शर्मा और यह युवती बराबर संपर्क में रहते थे। सूत्रों के मुताबिक, इसके बाद ही अमित शाह ने इस युवती पर सर्विलांस लगाने का आदेश दिया।

कोबरापोस्ट और गुलेल के मुताबिक, कुछ ही दिनों बाद प्रदीप शर्मा को उनकी हरकत का दंड मिल गया। उनके खिलाफ गुजरात सरकार ने आपराधिक मामलों में चार शिकायतें दर्ज कराई हैं। शर्मा को सस्पेंड कर दिया गया और फिर वह गिरफ्तार भी कर लिए गए। 62 दिनों तक चला सर्विलांस का सिलसिला तब खत्म हुआ, जब इस युवती ने शादी कर गुजरात छोड़ने का फैसला किया। अब राजनीति गरमाने के बाद भाजपा इस पूरे प्रकरण में लीपापोती करने में जुट गई है। भाजपा के दबाव में युवती के पिता ने कहा है कि गुजरात के मुख्यमंत्री से उनके पारिवारिक संबंध हैं और उन्होंने ही मुख्यमंत्री से अपनी बेटी का खयाल रखने का निवेदन किया था। उनकी बेटी बेंगलुरू से अहमदाबाद आई थी और उसे अपनी मां के इलाज के सिलसिले में बाहर निकलना पड़ता था। गुजरात के मुख्यमंत्री और उनकी बेटी का रिश्ता बाप-बेटी की तरह था। भाजपा के राष्ट्रिय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कोबरापोस्ट और गुलेल के खुलासों को खारिज करते हुए कहा है कि इस पूरे मामले के पीछे कांग्रेस की गंदी राजनीति है, लेकिन कांग्रेस के महिला युवा प्रकोष्ठ ने अमित शाह और इस पूरे मामले की जांच की मांग की है। जयंती नटराजन ने कहा है कि इन खुलासों से वह दुख, आश्चर्य, गुस्सा और शर्म महसूस कर रही हैं।

अब डर है कि इस जासूसी कांड में कहीं उस युवती की जान न चली जाए। अपने फायदे के लिए राजनीति में कुछ भी संभव है। कांग्रेस भी इस मामले को आगे बढ़ाने में रुचि रखेगी और भाजपा किसी तरह से साहब को बचाने में लगेगी। इस पर पर्दा डालने और पर्दा हटाने के खेल में सबसे अहम सवाल है कि कहीं उस युवती की जान खतरे में न पड़ जाए।

Monday, November 18, 2013

नारायण साईं को लगी थी ग्रुप सेक्‍स की लत



किसी धर्मगुरु पर बलात्कार का इल्ज़ाम अपने-आप में चौंकानेवाला है. लेकिन अगर कोई धर्मगुरु बलात्कार से भी आगे बढ़कर अपने ही भक्तों के साथ ग्रुप सेक्स, यानी सामूहिक सेक्स करने लगे, तो इसे आप क्या कहेंगे? आसाराम के बेटे नारायण साईं पर जो नया इल्ज़ाम लगा है, वो कुछ ऐसा ही है. ये इल्ज़ाम अब सिर्फ़ इल्ज़ाम नहीं, बल्कि अदालत में पेश किए गए दस्तावेज़ का एक अहम हिस्सा है.

आस्था की रोशनी में आंखें कब की चौंधिया चुकी थीं, जीता-जागता इंसान कब का भगवान बन चुका था. मगर, इसी भगवान के चेहरे से जब पाखंड का नक़ाब उतरने लगा, तो देखने वाले बस देखते ही रह गए. भगवान का रूप धरकर पाप का मायाजाल बुनने वाले बाप-बेटे आसाराम और नारायण साईं पर बलात्कार और यौन शोषण का इल्ज़ाम तो कब के लग चुके थे. लेकिन अब नारायण साईं पर जो नया इल्ज़ाम लगा है, उससे अजीब और चौंकाने वाला इल्ज़ाम कोई हो ही नहीं सकता.

जी हां, नारायण साईं पर इल्ज़ाम है ग्रुप सेक्स का. ग्रुप सेक्स, यानी सामूहिक यौन क्रीड़ा का. दूसरे लफ्ज़ों में कहें, तो दो से अधिक की तादाद में एक ही वक़्त पर जिस्मानी ताल्लुकात कायम करने का. नारायण साईं पर ये इल्ज़ाम किसी ने चलते-फिरते नहीं, बल्कि सूरत के एक सरकारी वकील ने भरी अदालत में लगाया है.

सूरत के सरकारी वकील ने नारायण साईं के ही एक पुराने साधक के हवाले से अदालत को बताया है कि नारायण साईं एक ही वक्त में एक साथ 9-10 लड़कियों के साथ सेक्स करता था. नारायण साईं को ऐसा करते हुए खुद उसके साधक ने देखा, जिसने बाद में मजिस्ट्रेट के सामने दिए गए बयान में इस बात खुलासा किया. सरकारी वकील ने सीआरपीसी की धारा 164 के तहत रिकॉर्ड करवाए गए इस बयान का ज़िक्र करते हुए अदालत में मौजूद हरेक शख्स को चौंका दिया.

अपने बयान में इस साधक ने बताया है कि उसने एक ही वक़्त में 9-10 लड़कियों को एक साथ नारायण साईं के कमरे में रहस्यमयी हालात में और जाते हुए देखा. अनुष्ठान के नाम पर बंद कमरे में हुए इस खेल के बाद जब कमरे की सफ़ाई की गई, तो वहां ढेरों बीयर की बोलतें निकलीं. ये सब कुछ उसने एक बार नहीं, बल्कि कई बार खुद अपनी आंखों से देखा. इस साधक की बातों का यकीन करें, तो नारायण साईं बीयर और ग्रुप सेक्स का ज़बरदस्त शौकीन है और अक्सर नए-नए बहानों से ग्रुप सेक्स का मौका तलाशता रहता है.

लेकिन ये तो जैसे नारायण साईं पर लगे नए इल्ज़ामों की एक शुरुआत भर थी. सूरत पुलिस को अपनी तफ्तीश में ये भी पता चला कि नारायण साईं ने कई ऐसी शादीशुदा औरतों को अपने जाल में फांसने के लिए उनके पतियों को ही धोखे से दवाएं खिलाकर उन्हें नपुसंक बना दिया. ऐसी कोई महिला जब औलाद की आस लिए नारायण साईं के पास पहुंचती या फिर सत्संग में हाज़िर होती, तो उन्हें अपने पति को ताकत की दवा देने के नाम पर वो जडी-बूटियां दी जातीं, जिससे इंसान नपुसंक हो सकता है. इस तरह जब नारायण साईं अपने इरादे में कामयाब हो जाता, तो फिर अनुष्ठान और समर्पण के नाम पर ऐसी महिलाओं का भी यौन शोषण करता.